Tuesday, 25 February 2025

ऐसे करें एग्जाम की तैयारी


 कैसे करें एग्जाम की तैयारी_1

दिनचर्या :

तो फिर आ गए एग्जाम।कुछ नया तो है नहीं।जब तुम पांच साल के थे तब से दे ही रहे हो और अभी जब तक चौबीस पच्चीस साल के नहीं हो जाते तब तक देते ही रहोगे।शायद उस से भी ज्यादा उम्र तक।

तो नया तो कुछ है नहीं।पिछले सौ,डेढ़ सौ सालों से  मानव सभ्यता ने एग्जाम के नाम पर कुछ मामूली ,हल्के फुल्के बदलावों के सिवा कुछ नया तो हासिल किया नहीं।

इसलिए डरिए मत ।कुछ भी नया नहीं है।बस तुम्हारा अपना जो अनुभव है न वो नया है।

चलिए थोड़े से टिप्स मैं  भी दे देता हूं।आखिर पिछले 25 सालों से शिक्षण  व्यवस्था में हूं।

तो अब दिन कम बचे हैं।उम्मीद है स्कूल जाना आपने बंद कर दिया है।घर पर सघन तैयारी में डटे होंगे।

तैयारी के लिए पहला टिप है अपने दिन की दिनचर्या को चिन्हित करना।इसे हम दिन का टाइम टेबल बनाना भी कहते हैं।हालांकि ये पूरी तरह आपका अपना निजी मामला है। फिर भी वैज्ञानिक दृष्टिकोण से तय की चीजें निसंदेह सहायता करती हैं।

सुबह पांच बजे उठिए।

उठ कर पहला काम गुनगुने पानी के कम से कम दो तीन गिलास गटक जाइए।

अब अपनी आंखों पर बिल्कुल ठंडे पानी के छाले मारिये।अच्छे से आंखे धो कर टूथब्रश करिए ,नित्य कर्म से निवृत हो जाइए।

सुबह के समय एक अच्छी नींद के बाद आपका दिमाग बिल्कुल तरोताजा ,अलर्ट और फोकस्ड होता है जिस के कारण आपकी याद करने की स्मरण शक्ति अपने उच्चतम स्तर पर होती है।ये समय कम से कम व्याधि उत्पन्न करने वाला होता है जिस से आपकी एकाग्रता में जबरदस्त उछाल आता है।ये समय बायोलॉजी , रसायन विज्ञान और ऐसे सब्जेक्ट्स को पढ़ने के लिए सर्वाधिक उपयुक्त होता है जिनमें आपको शॉर्ट टर्म मेमोरी की आवश्यकता होती है।अपनी भाषा में बोलें तो "रटने वाले सब्जेक्ट " पढ़ने का ये सबसे सही समय है।

तो दो घंटे दीजिए एक सब्जेक्ट को।

फिर साढ़े सात बजे हल्का व्यायाम, योगा अथवा वॉक करें।

आठ बजे दूसरा सब्जेक्ट जिसमें फिर हल्का रट्टा लगाना है ,या जिस सब्जेक्ट में थ्योरेटिकल कॉन्सेप्ट ज्यादा हैं को पकड़िए।

9:30 बजे नाश्ता लीजिए ।नाश्ता बिल्कुल राजाओं की तरह कीजिए।शुरुआत मौसमी फलों से कीजिए।

अगर नॉन वेज लेते हो तो अंडे,ऑमलेट,चिकन ,फिश खाने का ये सही समय है।अगर वेजिटेरियन हो तो पनीर,सोयाबीन ,मौसमी सब्जी के साथ परांठे,मक्की की रोटी । दहीं ,काफी भी लीजिए।दबा के खाइए। आपको अभी पूरा दिन काम करना है जिसके लिए आपको ऊर्जा चाहिए।

10:30 बजे के आस पास तीसरा सब्जेक्ट पकड़िए जो हल्का फुल्का हो।कोशिश कीजिए कि भाषाएं जैसे अंग्रेजी ,  हिंदी  या संस्कृत इस समय पढ़ी जाए।

12:30 बजे के आस पास का समय सुबह के समय पढ़े गए सब्जेक्ट्स के क्विक रीकैप के लिए रखिए।

2 बजे लंच लीजिए।आपका लंच एक कामगार की तरह होना चाहिए।कटोरी भर चावल,छिलके वाली दाल,सब्जी,रायता सलाद के साथ।

लंच के बाद एक हल्का पावर नैप लीजिए।आधे घंटे का पावर नैप जादुई असर करेगा।

3 बजे एडिशनल सब्जेक्ट जैसे आई पी , फिजिकल एजुकेशन या वोकेशनल सब्जेक्ट तैयार करने के लिए उत्तम है।

चार बजे फ्रूट लीजिए।संभव हो तो दूध का एक बड़ा गिलास अथवा जूस।अगर संभव हो तो चाय या कॉफी के साथ नट्स या ड्राई फ्रूट।

पांच बजे के बाद का समय,जिसे हम गोधूलि बेला कहते हैं गणित के लिए सर्वाधिक उपयुक्त समय है।गणित के लिए कम से कम दो अढ़ाई घंटे दीजिए।

सात बजे के आस पास हल्की वॉक लीजिए और फिर डिनर कीजिए।आपका डिनर एक भिखारी की तरह होना चाहिए।अलबत्ता तो कुछ खाइए ही मत।खाना ही हो तो हल्का सलाद,फल ।एक आधी चपाती और सब्जी।

अब आपको रात को सोने के अलावा कुछ नहीं करना है इसलिए न तो आपके शरीर को न ही आपके दिमाग को अधिक ऊर्जा की आवश्यकता है।

डिनर के बाद का समय फिजिक्स सरीखे अंडरस्टैंडिंग सब्जेक्ट्स के लिए सर्वथा उत्तम है।न्यूमेरिकल आपको कतई सोने नहीं देते।नींद आए तो कॉफी बनवा लीजिए।

ठीक 11 बजे सो जाइए।

कम से कम 6 घंटे की नींद हर हाल में लीजिए और दिन में आध,एक घंटे की पावर नैप भी।

बीच बीच में हल्की फुल्की पांच मिनट की ब्रेक एक और रामबाण तकनीक है जो आपके दिमाग को ताजगी प्रदान करता है।

हल्की फुल्की गजलें ,खासकर जगजीत सिंह की आपकी कंसंट्रेशन में इजाफा करती हैं।इसलिए एक अच्छा म्यूजिक सिस्टम जो बेहद धीमी आवाज में अच्छा म्यूजिक पैदा कर सके उसे अपने कमरे में जरूर रखिए या फिर संभव हो तो बाहरी नॉइस कैंसल करने वाले अच्छे हेडफोन पर गजलें सुनते रहें।

देखिए,मैने लेख में पहले ही कहा,कि टाइम टेबल बनाना पूर्णतः आपका अपना मामला है।मैं सिर्फ आपको वैज्ञानिक आधार पर ,तथ्यों पर आधारित टिप दे रहा हूं।

अगर आप इन टिप्स को आजमाते हो तो मेरा यकीन मानिए ये आपकी एग्जाम तैयारी में हल्की फुल्की मदद जरूर करेंगे।

खैर,जिंदगी है आपकी और करियर भी है आपका।

इसलिए बेहतरीन परिणाम के लिए अपने आप को सज्ज कीजिए।

सचिन ठाकुर,

प्रवक्ता भौतिक शास्त्र।

राजकीय उच्च शिक्षा विभाग,

हिमाचल सरकार।